मिमलाना रोड पर आयुष खटीक के आवास पर यशवीर सिंह का सर्व समाज ने किया भव्य स्वागत
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा जनपद मुजफ्फरनगर में यशवीर सिंह को अनुसूचित मोर्चे का जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उन्हें लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
जनपद में विभिन्न स्थानों पर अनुसूचित वर्ग सहित सर्व समाज के लोग उनका स्वागत कर रहे हैं। इसी क्रम में सदर विधानसभा क्षेत्र के नंबर दो चुंगी स्थित मिमलाना रोड पर आयुष खटीक के आवास पर सर्व समाज के सामाजिक लोगों ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष यशवीर सिंह का फूल-मालाएं पहनाकर और बुके भेंटकर भव्य स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने यशवीर सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। इस अवसर पर यशवीर सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें समाज की सेवा करने की जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों की रक्षा करना, जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को उठाना और अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। वह समाज के लोगों के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे ।
कार्यक्रम में सर्व समाज के लोगों की सहभागिता को यशवीर सिंह के प्रति सामाजिक विश्वास और समर्थन के रूप में देखा गया। उनकी नियुक्ति के बाद विभिन्न वर्गों के लोगों द्वारा किए जा रहे स्वागत से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह दिखाई दे रहा है।
राजनीतिक दृष्टि से भी यशवीर सिंह की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा अनुसूचित मोर्चा के सामने अनुसूचित वर्ग सहित समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पार्टी को मजबूत करने की चुनौती आसान होगी। ऐसे में यशवीर सिंह की भूमिका पार्टी के जनाधार को बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में अहम हो सकती है।
कार्यक्रम के माध्यम से सर्व समाज के लोगों ने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
Tags:
राजनीति