Hindi Khabar UP

जिम-फिटनेस सेंटरों में अवैध सप्लीमेंट और नशीली दवाओं की बिक्री पर लगेगी रोक, सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने शुरू कराई विशेष पहल

जिम-फिटनेस सेंटरों में अवैध सप्लीमेंट और नशीली दवाओं की बिक्री पर लगेगी रोक, सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने शुरू कराई विशेष पहल

 मुजफ्फरनगर शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर विशेष पहल जिसमें युवाओं को नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं के दुष्प्रभाव से बचाने तथा जिम एवं फिटनेस सेंटरों में अनधिकृत सप्लीमेंट की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया की ओर से विशेष पहल शुरू की गई है। इसके तहत जनपद के जिम और फिटनेस सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिला क्रीड़ा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा औचक जांच अभियान चलाया जाएगा। 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शीघ्र परिणाम का लालच देकर बेचे जा रहे अनधिकृत फूड सप्लीमेंट, प्रतिबंधित स्टेरॉयड, नशीली दवाओं और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों के इस्तेमाल से सुरक्षित रखना है। स्वास्थ्य विभाग को जानकारी मिली है कि कुछ जिम सेंटरों पर ऐसे उत्पादों की बिक्री और वितरण किया जा रहा है, जो युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। विशेष जांच अभियान के लिए डॉ. विक्रांत तेवतिया, जिला सर्विलांस अधिकारी, सीएमओ कार्यालय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके समन्वय में जिला क्रीड़ा अधिकारी की टीम तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी संयुक्त रूप से जिम एवं फिटनेस सेंटरों की जांच करेंगे। जांच के दौरान जिम सेंटरों में उपलब्ध सप्लीमेंट और औषधियों की भी जांच की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार उनके नमूने लेकर नियमानुसार परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे। अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए समय-समय पर औचक निरीक्षण किए जाने की व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया की इस पहल के तहत यदि किसी जिम या फिटनेस सेंटर पर अनधिकृत सप्लीमेंट, प्रतिबंधित औषधियां अथवा नशीली ड्रग्स पाई जाती हैं तो संबंधित जिम संचालक और आपूर्तिकर्ता के खिलाफ नियमानुसार तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान युवाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, जिम सेंटरों में इस्तेमाल होने वाले उत्पादों की निगरानी और नशीले पदार्थों के संभावित प्रसार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
Previous Post Next Post
https://cdnjs.cloudflare.com/ajax/libs/smoothscroll/1.4.10/SmoothScroll.js