Hindi Khabar UP

आप फोटो-वीडियो भेजिए, सड़कों को दुरुस्त करने के लिए जल निगम (ग्रामीण) तैयार, दिए गए क्यू आर कोड को स्कैन कर भेजे समस्या

आप फोटो-वीडियो भेजिए, सड़कों को दुरुस्त करने के लिए जल निगम (ग्रामीण) तैयार पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का महाभियान 01 अक्टूबर से ग्रामीणों के लिए जल सारथी ऐप पर विशेष सुविधा, प्रदेश मुख्यालय से शिकायतों की निगरानी।
मुजफ्फरनगर । अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण ने बताया है कि गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई ग्रामीण सड़कों को दुरुस्त करने के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया जा रहा है। प्रदेशभर में 01 अक्टूबर 2026 से चलने वाले इस अभियान के लिए सड़कों को चिह्नित कर लिया गया है। यदि आपके गांव की सड़क पाइपलाइन बिछाने के बाद अब तक दुरुस्त नहीं हुई है, तो आप जल सारथी ऐप के माध्यम से फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सड़क के दुरुस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्राप्त शिकायतों की निगरानी उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जा रही है।
जनपद मुजफ्फरनगर के 341 गांवों में पेयजलापूर्ति की जा रही है। शेष गांवों में पेयजलापूर्ति शुरू करने की चरणबद्ध प्रक्रिया चल रही है। घर-घर तक पानी पहुंचाने के लिए जनपद में बिछाई गई पाइपलाइन तथा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का विवरण संकलित किया गया है। पेयजलापूर्ति के लिए कुल 2648 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 2256 किलोमीटर सड़क को तोड़ने/खोदने की आवश्यकता पड़ी। इनमें से 2184 किलोमीटर सड़क का मरम्मत / दुरुस्तीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष 72 किलोमीटर सड़क को दुरुस्त करने के लिए वृहद स्तर पर अभियान शुरू किया जा रहा है।
जल सारथी ऐप करें इंस्टॉल-
गांवों में पेयजल योजनाओं से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर, जल समाधान ऐप सहित विभिन्न माध्यम उपलब्ध हैं। इन माध्यमों से सड़क संबंधी शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है। हालांकि, रोड रेस्टोरेशन अभियान को देखते हुए जल सारथी ऐप पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए अपने मोबाइल में जल सारथी ऐप इंस्टॉल करें। इसका लिंक https://play.google.com/store/apps/details?id=com.jal.sarthi है। ऐप खोलने के बाद 'सड़क पुनर्स्थापना / मरम्मत अभियान' के विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना नाम, गांव का नाम और पूरा पता दर्ज करते हुए सड़क की स्थिति से संबंधित फोटो और वीडियो अपलोड करें। प्राप्त शिकायत को संबंधित अधिकारियों तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एक्सईएन मुजफ्फरनगर ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान जनपद में विभिन्न प्रकार की सड़कों को खोदने की आवश्यकता पड़ी। पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बाद अधिकांश सड़कों का पुनर्स्थापना कार्य कराया जा चुका है। शेष सड़कों के पुनर्स्थापना कार्य के लिए 01 अक्टूबर से प्रदेशभर में एक साथ वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों के पुनर्स्थापना एवं दुरुस्तीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जाएगा। 
Previous Post Next Post
https://cdnjs.cloudflare.com/ajax/libs/smoothscroll/1.4.10/SmoothScroll.js