Hindi Khabar UP

पशुपालकों के द्वार पहुंची मेरठ की पशु चिकित्सा विशेषज्ञ टीमबांझपन का समाधान: पशु चिकित्सा शिविर में 150 से अधिक पशुओं की जांच।

पशुपालकों के द्वार पहुंची मेरठ की पशु चिकित्सा विशेषज्ञ टीम
बांझपन का समाधान: पशु चिकित्सा शिविर में 150 से अधिक पशुओं की जांच।

मुजफ्फरनगर - तहसील खतौली के अंतर्गत पशुओं में बांझपन एवं प्रजनन संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा पशुपालन विभाग के सहयोग से विकासखंड खतौली के ग्राम सोमाली में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के मार्गदर्शन तथा इफको के वित्तीय सहयोग से किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने पशुपालकों को खुरपका-मुंहपका रोग के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण, पशुओं की स्वच्छता तथा रोग के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान इस रोग की रोकथाम के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की पशु चिकित्सा विशेषज्ञ टीम निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पशुपालकों को आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार से अनेक गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम संभव है।
शिविर के परियोजना प्रभारी प्रो. अमित कुमार वर्मा ने पशुओं में बांझपन एवं प्रजनन संबंधी समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अधिक दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुओं में कभी-कभी मद चक्र अनियमित हो जाता है, जिसके कारण वे 8 से 10 दिनों के अंतराल पर बार-बार गर्मी में आने लगते हैं। ऐसी स्थिति का एक संभावित कारण अंडाशय में सिस्ट (ओवेरियन सिस्ट) का बनना हो सकता है। उन्होंने पशुपालकों को सलाह दी कि वे पशुओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के साथ गुणवत्तायुक्त खनिज मिश्रण नियमित रूप से दें। इससे पशुओं की प्रजनन क्षमता, दुग्ध उत्पादन तथा समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाने में मदद मिल सकती है। शिविर में डॉ. अफरोज, डॉ. तरुण कुमार, डॉ. शुभमदीप, डॉ. आशुतोष राय, डॉ. स्नेहा गुप्ता, डॉ. इशिता नौटियाल एवं डॉ. ईशान सहित पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने 150 से अधिक पशुओं की जांच एवं उपचार किया। शिविर का आयोजन उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव चौधरी तथा डॉ. नागेन्द्र सिन्धु के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Previous Post Next Post
https://cdnjs.cloudflare.com/ajax/libs/smoothscroll/1.4.10/SmoothScroll.js