Hindi Khabar UP

जनता इंटर कॉलेज की आरोग्यम वाटिका में तैयार हो रहें औषधीय पौधे

जनता इंटर कॉलेज की आरोग्यम वाटिका में तैयार हो रहें औषधीय पौधे 

भोपा।उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में जनपद मुजफ्फरनगर के ग्रामीण अंचल की अग्रणी शिक्षण संस्था जनता इंटर कॉलेज भोपा ऐडिड माध्यमिक विद्यालयों में प्रदेश का एक मात्र ऐसा विद्यालय है, जहां पर आरोग्यम वाटिका यानि बॉटनीकल गार्डन में पौधों की विलुप्तप्राय औषधीय प्रजातियों को वृहद स्तर पर संरक्षित किया गया है। विद्यालय के पुरातन छात्र,वर्तमान में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राएं, प्रदेश की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के शिक्षाविद, शिक्षार्थी, गणमान्य नागरिक व दूरस्थ क्षेत्रों के आयुर्वेदाचार्य ,जीव विज्ञान विशेषज्ञ, पर्यावरण संरक्षण प्रेमी व शोधार्थी औषधीय पौधों के बारे में मूल रूप में जानकारी प्राप्त करने के लिए आरोग्यम वाटिका यानि बॉटनीकल गार्डन में पौधों के मौलिक गुणों से परिचित होते हैं।
विद्यालय के शिक्षाविद् प्रधानाचार्य संजय कुमार जी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में आरोग्यम वाटिका यानि बॉटनीकल गार्डन की स्थापना विगत वर्ष 2025 में कस्बा भोपा की महिला प्रधान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की प्रबल समर्थक रेखा देवी धीमान व उनके प्रतिनिधि पुत्र युवाओं के प्रेरणादाई व्यक्तित्व तरूण धीमान प्रधान के द्वारा करायी गयी। आरोग्यम वाटिका में अश्वगंधा, सदाबहार, सहजन, चंदन , तेजपत्ता, एलोवेरा,देशी हल्दी,करी पत्ता, इलायची, आंवला, अजवायन,काला बांसा, पत्थरचटा, दालचीनी, लेमन ग्रास आदि विलुप्तप्राय औषधीय पौधे रोपित हैं। औषधीय पौधों के मौलिक गुणों, वैज्ञानिक नाम, हिन्दी व स्थानीय नामों के विषय के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए बहुत ही शीघ्र वर्गिकी नामकरण पट्टिका दृष्टव्य की जाएगी ताकि पौधों के बारे में विद्यालय में आने वाले विशिष्ट जनों व छात्रों को सूक्ष्म जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि आरोग्यम वाटिका या बॉटनीकल गार्डन ऐसा संग्रहित स्थान होता है,जहाँ पर जीवित पौधों का उनकी वर्गिकी, पारिस्थितिकी और उपयोगिता के आधार पर संग्रह किया जाता है। यह प्राकृतिक आवास से बाहर विलुप्तप्राय औषधीय व अन्य प्रजातियों के संरक्षण का सबसे महत्वपूर्ण उदाहरण है।विश्व का पहला बॉटनीकल गार्डन पादूआ बॉटनीकल गार्डन इटली में माना जाता है।जिसकी स्थापना सन् 1545 में हुई थी।जबकि भारत का पहला बॉटनीकल गार्डन जगदीश चन्द्र बोस हावड़ा माना जाता है जिसकी स्थापना सन् 1787 में कर्नल रॉबर्ट किड द्वारा की गई। बॉटनीकल गार्डन में वैज्ञानिक नाम के साथ लेबलिंग,हर्बेरियम,
बीज बैंक,जर्मप्लाज्म बैंक,ग्रीन हाउस, अनुसंधान आदि को सम्मिलित किया जाता है।वर्गिकी संबंधी कार्य में पौधों की पहचान, नामकरण, वर्गीकरण समाहित है। जिसे हर पौधे पर दर्शाया जाता है। सरकार के द्वारा बॉटनीकल गार्डन की स्थापना पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है ताकि भारत की प्राचीन आयुर्वेद परम्परा को भावी पीढ़ी के लिए सुरक्षित व संरक्षित किया जा सके।विगत माह 23 सितंबर 2026 को सरकार द्वारा 11 वां आयुर्वेद दिवस मनाया गया। जिसके परिणामस्वरूप भारतीय ऋषि मुनियों की प्राचीन आयुर्वेद पद्धति की ओर वर्तमान व भावी पीढ़ियां आकर्षित हो सके। जनता इंटर कॉलेज भोपा में बॉटनीकल गार्डन में रोपित विलुप्तप्राय औषधीय पौधों के बारे में जिला पंचायत प्रशासक डॉ वीरपाल निर्वाल, इंटर कॉलेज भोकरहेडी प्रधानाचार्य कैप्टन डॉ प्रवीण चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक मुजफ्फरनगर, गोविन्द वल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर उत्तराखंड के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ ब्रजपाल सिंह, प्रोफेसर डॉ सतबीर सिंह,बादली महाविद्यालय बादली हरियाणा के प्रोफेसर डॉ आनंद कादियान, डॉ निधान सिंह ,डॉ अनुज कुमार पलवल हरियाणा, डॉ मेहर सिंह अम्बाला, कैप्टन डॉ बिजेंद्र सिंह हरियाणा, डॉ बिप्लब धारा पश्चिमी बंगाल,मीरापुर विधायक प्रतिनिधि व उनकी पुत्री सुप्रिया पाल, माध्यमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष डॉ राहुल कुशवाहा, राष्ट्रीय कुश्ती कोच व विख्यात पर्यावरणविद् जितेन्द्र सिंह पहलवान, कर्नल प्रवीण भाल, चीफ ऑफिसर रमन सिंह,सूबेदार मेजर यशपॉल सहित विभिन्न राज्यों के विद्वानों, पर्यावरणविदों के द्वारा आरोग्यम वाटिका का निरीक्षण कर औषधीय पौधों के बारे में जानकारी जुटाई गई।विद्यालय के चीफ प्रॉक्टर संजीव राठी, वरिष्ठ जीव विज्ञान प्रवक्ता भीष्म कुमार,वरिष्ठ अंग्रेजी प्रवक्ता संजीव पुण्डीर, वरिष्ठ पौधशाला प्रवक्ता संजीव वर्मा, वरिष्ठ कृषि प्रवक्ता अभिषेक चौधरी, वरिष्ठ बागवानी विशेषज्ञ कुलदीप कुमार आदि आरोग्यम वाटिका के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
Previous Post Next Post
https://cdnjs.cloudflare.com/ajax/libs/smoothscroll/1.4.10/SmoothScroll.js